अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए उन्हें अपना शानदार दोस्त बताया है। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच जल्द ही एक अच्छी ट्रेड डील हो सकती है। स्विट्ज़रलैंड के दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) के दौरान हमारी सहयोगी वेबसाइट मनीकंट्रोल से एक्सक्लूसिव बातचीत में ट्रंप ने यह बात कही।
ट्रंप ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी एक बेहतरीन इंसान हैं और मेरे अच्छे दोस्त हैं। हम उनका सम्मान करते हैं और भारत के साथ जल्द एक अच्छी ट्रेड डील करने जा रहे हैं।” उन्होंने भारत-अमेरिका व्यापारिक रिश्तों को लेकर सकारात्मक रुख जाहिर किया।
WEF के 56वें वार्षिक सम्मेलन के मौके पर आया यह बयान ऐसे समय में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जब दोनों देशों के बीच ट्रेड डील पर बातचीत अटकी हुई है। टैरिफ दरों, बाजार तक पहुंच, ऊर्जा और कृषि से जुड़े मुद्दों पर भारत और अमेरिका के बीच अब भी मतभेद बने हुए हैं।
इससे पहले 9 जनवरी को भारत के विदेश मंत्रालय ने बताया था कि दोनों देशों के बीच करीब एक साल से द्विपक्षीय व्यापार समझौते को लेकर बातचीत जारी है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत और अमेरिका एक संतुलित और आपसी लाभ वाली ट्रेड डील के लिए प्रतिबद्ध हैं और इस दिशा में कई दौर की वार्ताएं हो चुकी हैं।