रांची सहित पूरे झारखंड में शीतलहर से फिलहाल राहत जरूर मिली है, लेकिन सुबह और रात के समय ठंड का प्रकोप अभी भी बना हुआ है। सुबह की कनकनी को ध्यान में रखते हुए रांची जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार रांची जिले के सभी स्कूलों में केजी से लेकर छठी कक्षा तक की पढ़ाई 24 जनवरी से सुबह 9 बजे के बाद ही संचालित की जाएगी। प्रशासन ने सभी स्कूल प्रबंधन को इस आदेश का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है।
मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटे के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में अच्छी-खासी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राज्य में अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ है। इसी वजह से रात और सुबह के समय ठंड का असर बना हुआ है। हालांकि, आने वाले तीन दिनों में झारखंड के न्यूनतम तापमान में करीब पांच डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है।
पिछले 24 घंटों में रांची के अधिकतम तापमान में करीब तीन डिग्री की वृद्धि हुई है। रांची में अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, गुमला में न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री रहा। चाईबासा में गर्मी का असर ज्यादा देखने को मिला, जहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री को पार करते हुए 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, राज्य में एक सप्ताह के बाद मौसम में फिर से बदलाव देखने को मिल सकता है। इससे ठंड में दोबारा इजाफा होने के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में सुबह के समय कुहासा काफी हद तक कम हो गया है। धूप तेज होने के कारण दिन का तापमान बढ़ रहा है, लेकिन हिमालय क्षेत्र में हो रही बर्फबारी की वजह से वहां से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण रात के समय कनकनी बनी हुई है।